सभी भाषाओं का सम्मान कर एकता के सूत्र में पिरोती हिन्दी
Hindi Respects the Existence of Diverse Languages and Binds Everyone in a Common Thread of Unity: Shri Gajendra Singh Shekhawat
- केंद्रीय संस्कृति मंत्री की अध्यक्षता में पर्यटन मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की बैठक
नई दिल्ली : केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में नई दिल्ली स्थित अशोक होटल में पर्यटन मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य मंत्रालय के सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी के प्रयोग की समीक्षा करना तथा इसके उपयोग को और बढ़ावा देने के उपायों पर विचार-विमर्श करना था।
केंद्रीय मंत्री ने सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी के प्रयोग के संबंध में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी भाषाओं को साथ लेकर चलते हुए हिंदी को भी उचित स्थान और सम्मान दिए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हिंदी सभी प्रांतों में बोली जाने वाली विभिन्न भाषाओं के अस्तित्व का सम्मान करते हुए सभी को एकता के सूत्र में पिरोती है। उन्होंने कहा कि हमें विविधता में संवाद और संवाद में सहमति बनाकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
श्री शेखावत ने कहा कि पर्यटन मंत्रालय का ‘अतुल्य भारत’ प्लेटफॉर्म हिंदी में भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि हमें सहज उपयोग के माध्यम से हिंदी को व्यवहार में लाना होगा और इस बात पर ध्यान देना होगा कि हिंदी को सामान्य बोलचाल की भाषा कैसे बनाया जाए। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने भारत पर्यटन विकास निगम की प्रबंध निदेशक श्रीमती मुग्धा सिन्हा द्वारा तैयार करवाए गए शब्दकोश ‘राजभाषा शब्द संगम’ का भी विमोचन किया।
बैठक में विभिन्न प्रांतों से आए समिति के गैर-सरकारी सदस्यों—डॉ. श्रवण कुमार, डॉ. अनुराग आनंद, डॉ. सुषमा सिंह, श्री सिस्ता मधुसूदन राव और श्री उमेश सिंह—ने पर्यटन मंत्रालय के सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी के प्रयोग पर संतोष व्यक्त किया। सदस्यों ने सरकारी कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और बढ़ावा देने के संबंध में भी अपने विचार साझा किए।
बैठक में देश के विभिन्न हिस्सों से आए समिति के सदस्यों के साथ-साथ पर्यटन मंत्रालय के अपर सचिव एवं महानिदेशक (पर्यटन) श्री सुमन बिल्ला, पर्यटन मंत्रालय के वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार श्री ज्ञान भूषण, भारत पर्यटन विकास निगम की प्रबंध निदेशक श्रीमती मुग्धा सिन्हा तथा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
What's Your Reaction?