यूपी विस चुनाव में हर बूथ पर कमल खिलाएं कार्यकर्ता : नितिन नबीन
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन ने रविवार को उत्तर प्रदेश प्रवास के दूसरे दिन लखनऊ में आयोजित ‘शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन’ को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाने की अपील की।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन ने रविवार को उत्तर प्रदेश प्रवास के दूसरे दिन लखनऊ में आयोजित ‘शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन’ को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाने की अपील की। श्री नितिन नबीन ने विपक्ष पर तुष्टिकरण, परिवारवाद और समाज को बाँटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को साकार करने के लिए कार्य कर रही है। कार्यक्रम से पूर्व, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लखनऊ के गोमती नगर स्थित होटल ताज में एनडीए गठबंधन के नेताओं के साथ संयुक्त बैठक की। इसके पश्चात उन्होंने लखनऊ सदर के बसंत कुंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भी दौरा किया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री पंकज चौधरी, मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) श्री बी.एल. संतोष, उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य तथा श्री ब्रजेश पाठक और प्रदेश महानमंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।
श्री नवीन ने कहा कि जिस प्रकार की ऊर्जा मुझे चारों ओर दिखाई दे रही है, वह इस बात का परिचायक है कि वर्ष 2027 में भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता शक्ति केंद्रों की ताकत, उनके संयोजकों के परिश्रम और मेहनत के बल पर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलाने का संकल्प लेकर तैयार बैठा है। जब कार्यकर्ताओं का उत्साह और ऊर्जा साथ होती है, तब विपक्ष चाहे कितनी भी ताकत लगा ले, भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता उसे धूल चटाने का काम करेगा। उत्तर प्रदेश जैसा विशाल भौगोलिक राज्य, जहाँ भारत की आत्मा बसती है और जहाँ प्रभु श्रीराम का जन्म हुआ, वह सभी के लिए प्रेरणा का केंद्र है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम केवल आदर्श ही नहीं, बल्कि सभी को जीवन में आगे बढ़ने की दिशा भी देते हैं। जब व्यक्ति आस्था के साथ स्वयं को उनसे जोड़ता है तो उसे जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। यह भूमि ऋषियों, संतों और महापुरुषों की भूमि है, जिसने केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया को संदेश देने वाले महान व्यक्तित्व दिए हैं। उत्तर प्रदेश की इस पवित्र भूमि और मिट्टी ने भारत की आत्मा और संस्कृति को नई दिशा दी है। हम आज श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को भी स्मरण करते हैं, यह उनकी कर्मभूमि रही है, जहाँ से कार्यकर्ताओं ने प्रेरणा लेकर देश को नेतृत्व देने का कार्य किया।
माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भ्रमण करते समय मुझे गर्व की अनुभूति हुई। उत्तर प्रदेश ने विकास और विरासत के क्षेत्र में अनेक कार्य किए हैं, लेकिन राष्ट्र प्रथम के उद्घोष को साकार करने के लिए जिस प्रकार श्रद्धेय डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी, श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी और श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की आदमकद प्रतिमाओं के साथ इस राष्ट्र प्रेरणा स्थल का निर्माण किया गया है, वह आने वाले वर्षों तक केवल भाजपा के कार्यकर्ताओं ही नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भी प्रेरणा देता रहेगा कि भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व विकास और विरासत को साथ लेकर चलता है। इस प्रेरणा स्थल से शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी। इस प्रेरणा स्थल का उद्घाटन आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया है। मुझे कॉफी टेबल बुक देखने का अवसर भी मिला और जिस सोच और विचार के साथ यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी देश का नेतृत्व कर रहे हैं, उसी दिशा में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार विकास और विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। भीषण गर्मी के बावजूद भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हर परिस्थिति में कमल खिलाने के लिए तैयार रहता है। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश ने भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, परिवारवाद और क्षेत्रीय दबंगों का राज देखा था। उस समय प्रत्येक जिले में अलग-अलग दादा, गुंडे और माफिया का प्रभाव था, जबकि लखनऊ में बैठी सरकार अलग ढंग से चलती थी। आज जहाँ माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट का विजन है, वहीं पहले प्रत्येक जिले में अलग-अलग दबंगों का मॉडल चलता था। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने गुंडाराज और माफियाराज को केवल जिलों से ही नहीं, बल्कि गाँवों और कस्बों से भी समाप्त करने का कार्य किया है।
श्री नवीन ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास के नए-नए आयाम स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से प्रदेश की नई तस्वीर पूरे देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत हो रही है। विकास की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का जो मॉडल अपनाया गया है, उसे राज्य का नेतृत्व प्रभावी ढंग से लागू कर रहा है। एक समय इस देश में यह कहा जाता था कि दिल्ली से भेजा गया एक रुपया गरीब तक पहुँचते-पहुँचते केवल 15 पैसे रह जाता है। लेकिन आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने जनधन खातों के माध्यम से ऐसी व्यवस्था बनाई है कि चाहे केंद्र सरकार हो या योगी आदित्यनाथ सरकार, गरीब के लिए भेजा गया एक-एक रुपया सीधे उसके खाते तक पहुँचता है। यह बहुत बड़ा परिवर्तन है। पहले बिचौलियों का राज था और दिल्ली तथा लखनऊ में बैठी सरकारें उसका लाभ उठाती थीं, लेकिन आज उत्तर प्रदेश को उस बदहाली, तुष्टिकरण और अराजक नीतियों से बाहर निकालने का कार्य भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है। जिस उत्तर प्रदेश और बिहार को कभी बीमारू राज्य कहा जाता था, आज यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व, भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के कारण दोनों राज्य विकास के अनेक पैमानों पर अग्रणी बनकर उभरे हैं। जिन राज्यों में कभी अपराधियों और जंगलराज का बोलबाला था, वहाँ भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अपराधियों के शासन का अंत किया है। एक समय ऐसा था जब महिलाएँ शाम के बाद घर से निकलने में डरती थीं और परिवार के सदस्य के सुरक्षित लौटने को लेकर संशय में रहती थीं, लेकिन आज महिलाएँ गर्व से कहती हैं कि वे मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ और माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाले शासन में सुरक्षित हैं। आज देश के प्रधानमंत्री युवा, महिला, गरीब और किसान की बात करते हैं। देश की आधी आबादी को सम्मान दिलाने के लिए 12 करोड़ शौचालय बनाए गए और लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया गया। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने महिलाओं को सम्मान और स्वाभिमान दिया है तथा आगे भी उन्हें अधिक अधिकार देने की दिशा में कार्य कर रही है।
आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की विरासत को सहेजने का कार्य भी अभूतपूर्व ढंग से किया गया है। पहले काशी विश्वनाथ मंदिर तक पहुँचने के लिए संकरी गलियों से गुजरना पड़ता था और उन्हें यह देखकर पीड़ा होती थी कि भोले बाबा का धाम सीमित हो गया है। आज काशी विश्वनाथ धाम का स्वरूप देखकर प्रत्येक भारतीय को गर्व होता है और गंगा तट पर स्थित इस भव्य धाम के दर्शन से श्रद्धा और गौरव की अनुभूति होती है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर को लेकर कुछ लोग आज भी प्रश्न उठाते हैं, जबकि यही वे लोग हैं जिन्होंने कभी प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न लगाया था, सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर कर उन्हें काल्पनिक बताया था और रामसेतु के अस्तित्व पर भी सवाल उठाए थे। यही वे लोग हैं जिन्होंने अयोध्या में कारसेवकों पर गोलियाँ चलवाई थीं। ऐसे लोग आज आस्था की बात करते हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने पाँच सौ वर्षों के संघर्ष और लंबे समर्पण के बाद प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। कोई भी प्रभु श्री राम मंदिर की आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता और आवश्यकता पड़ने पर भारतीय जनता पार्टी हर स्तर पर कार्रवाई भी करेगी तथा आवश्यक सुधार भी सुनिश्चित करेगी।
What's Your Reaction?