थैंक्यू यूपी पुलिस : ताजमहल में विदेशी पर्यटक की खुल गई साड़ी, महिला सिपाही ने पहनाई
A female UP Police constable, Guddi Devi, stepped in to help a tourist from Argentina who was struggling with her saree at the Taj Mahal
- अर्जेंटीना की टूरिस्ट को ताज सुरक्षा में तैनात महिला आरक्षी साड़ी ठीक से पहनाई
आगरा। ताजमहल घूमने आई अर्जेंटीना की एक महिला पर्यटक के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस की महिला सिपाही मददगार बन गई। स्काई ब्लू साड़ी पहनकर ताजमहल देखने पहुंची विदेशी पर्यटक की साड़ी बार-बार खुल रही थी, जिससे वह असहज महसूस कर रही थीं। यह देखकर ताज सुरक्षा में तैनात महिला आरक्षी गुड्डी देवी ने आगे बढ़कर उनकी साड़ी ठीक से पहनाई और प्लेट्स बनाकर पहनने का तरीका भी समझाया।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे ताजमहल के पश्चिमी गेट पर हुई इस घटना के दौरान अर्जेंटीना से आए पर्यटकों का एक दल स्मारक का भ्रमण कर रहा था। साड़ी ठीक होने के बाद महिला पर्यटक ने गुड्डी देवी से हाथ मिलाया और मुस्कुराते हुए कहा, "थैंक्यू, यूपी पुलिस।" उन्होंने भारतीय परिधान की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें साड़ी पहनना बेहद पसंद है और यह भारत की शानदार पारंपरिक पोशाक है।
महिला आरक्षी गुड्डी देवी ने पर्यटक को बताया कि साड़ी की प्लेट्स कैसे बनाई जाती हैं, पल्लू किस तरह रखा जाता है और इसे इस तरह कैसे पहना जाए कि चलने में कोई परेशानी न हो। विदेशी पर्यटकों ने उनसे साड़ी पहनने और संभालने से जुड़े कई सवाल भी पूछे।
गुड्डी देवी ने बताया कि वह ऑफ ड्यूटी के दौरान अक्सर साड़ी पहनती हैं और कभी-कभी ड्यूटी में भी वर्दी वाली साड़ी पहनती हैं। घटना के बाद विदेशी पर्यटक ने पुलिस टीम के साथ स्मृति स्वरूप तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान दरोगा शिवराज सिंह, हेड कांस्टेबल किरण पाल सिंह, सिपाही दुर्गेश कुमार और अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?