समाज का राजनीति पर पीएम, पत्रकारिता पर अधिक विश्वास: चौधरी भूपेंद्र सिंह

Society trusts the Prime Minister and journalism more than politics: chaudhri bhupendra singh

Oct 5, 2026 - 11:19
 0  6
समाज का राजनीति पर पीएम, पत्रकारिता पर अधिक विश्वास: चौधरी भूपेंद्र सिंह

          एनयूजे की दो दिवसीय राष्ट्रीय परिषद बैठक

अयोध्या, 04 अक्टूबर 2026, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा है कि पत्रकारिता पर समाज का विश्वास कायम है। जबकि राजनेताओं पर विश्वास सबसे कम है। वे आज यहां हनुमान बाग आश्रम के सभागार में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) की राष्ट्रीय परिषद बैठक में मुख्य अतिथि पद से विचार व्यक्त कर रहे थे।

राष्ट्रीय परिषद के उद्घाटन समारोह  में श्री चौधरी ने कहा कि पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं और मुद्दों पर आप दो दिन तक चर्चा करेंगे। आपका दायित्व चुनौती पूर्ण है। यह समय पत्रकारिता के लिए अति महत्व का है, क्योंकि ये डिजिटल और सोशल मीडिया का युग है। सूचनाओं का प्रवाह और गति अत्यधिक तीव्र है। ऐसे समय में आपका दायित्व और अधिक बढ़ जाता है। क्योंकि सच को उजागर करना, तथ्यों पर आधारित पत्रकारिता ही लोकतंत्र और सामाजिक एकता को मजबूत करती है। लेकिन सुनी हुई और बगैर तथ्यों की पत्रकारित समाज को नुकसान पहुंचा सकती है। 

अयोध्या में पांच सौ साल के संघर्ष के बाद भगवान श्रीराम जी का भव्य दिव्य मंदिर निर्मित हुआ है। इसके लिए लंबा आंदोलन चला, अदालती लड़ाई हुई। इस आंदोलन के दौरान पत्रकारों का सहयोग महत्वपूर्ण था। प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया ने आंदोलन को मुखर किया और कवरेज में प्रमुखता दी। आंदोलन की सफलता का जब इतिहास लिखा जाएगा तब पत्रकारों के योगदान को भी लिखा जाएगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ जी महराज के नेतृत्व में अयोध्या सज रही है, नए रूप में संवर रही है। त्रेता कालीन युग का गौराव वापस लौट रहा है। कभी यहां राम विरोधियों ने आस्था पर कुठाराघात किया था। आज यहां दीपोत्सव होता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का कोई हिडेन एजेंडा नहीं है। भाजपा ने पालमपुर बैठक में राम मंदिर निर्माण की बाधाएं दूर करने के लिए संकल्प व्यक्त किया था। पार्टी ने धरा 370 हटाने, समान नागरिक संहिता की बात भी कही थी।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि जनता दल (सेकुलर) के प्रदेश अध्यक्ष ओंकार सिंह ने कहा कि सभी बड़े राजनेता पत्रकार रहे। उन्होंने महात्मा गांधी, जयप्रकाश नारायण, डा राममनोहर लोहिया का उल्लेख किया। एनयूजे के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने कहा सैद्धांतिक पत्रकारिता और वैचारिक संघर्ष के साथ एनयूजे की 1972 में स्थापना हुई। हमारे संगठन ने 1975 में आपातकाल का विरोध किया। उन्होंने कहा आज भी समाज का पत्रकारिता पर सबसे ज्यादा विश्वास है। उद्घाटन समारोह में नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, एनयूजे महासचिव त्रियुग नारायण तिवारी , उपज महामंत्री आनंद कर्ण ने भी विचार व्यक्त किए। अतिथियों का स्वागत उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह ने किया। आभार अयोध्या उपज के अध्यक्ष प्रो कृष्ण मुरारी सिंह ने व्यक्त किया। मंच संचालन विवेकानंद पांडे ने किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow