रामगढ़ताल में स्पीड बोट की टक्कर से युवक की मौत, 3 सदस्यीय जांच समिति गठित

Ramgarhtal speed boat collision kills one; 3-member inquiry committee formed

Jul 27, 2026 - 12:57
 0  1
रामगढ़ताल में स्पीड बोट की टक्कर से  युवक की मौत, 3 सदस्यीय जांच समिति गठित

गोरखपुर। रामगढ़ताल में रविवार शाम नौका विहार के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कुशीनगर से परिवार के साथ घूमने आए 12वीं के छात्र लखमुद्दीन की स्पीड बोट की टक्कर में मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए। प्रशासन ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है और सूर्यास्त के बाद बोटिंग पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, कुशीनगर निवासी कयामुद्दीन अंसारी (29) अपने परिवार के नौ सदस्यों के साथ रामगढ़ताल घूमने आए थे। रात करीब आठ बजे परिवार के सात लोगों ने प्लेटफॉर्म नंबर-5 से टिकट लेकर बोटिंग शुरू की। इसी दौरान सामने से आ रही एक स्पीड बोट ने उनकी नाव को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सुरक्षा कर्मियों और पुलिस ने तत्काल सभी को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने लखमुद्दीन को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि लखमुद्दीन 12वीं का छात्र था और आईटीआई में प्रवेश की तैयारी कर रहा था। हादसे में कयामुद्दीन के कंधे में चोट आई है, जबकि उनके बेटे समेत अन्य लोग भी घायल हुए हैं। एक बच्चे के सिर में गंभीर चोट लगी है।

डीएम दीपक मीणा ने बताया कि घटना की जांच के लिए जीडीए, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है, जो तीन दिन में रिपोर्ट देगी। साथ ही जीडीए को सूर्यास्त के बाद रामगढ़ताल में बोटिंग बंद कराने के निर्देश दिए गए हैं।

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि हादसे में कोई नाव नहीं पलटी थी। टक्कर के कारण लखमुद्दीन के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। एक नाव चालक को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

गौरतलब है कि 22 जुलाई 2025 को भी रामगढ़ताल में इसी तरह का हादसा हुआ था, जिसमें एक परिवार के तीन लोग घायल हुए थे। जांच में उस समय बोट चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई थी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow