निफ्ट के संयुक्त दीक्षांत समारोह में 10 टापर छात्रों को राष्ट्रपति ने दिया गोल्ड मैडल  

President of India Graces Combined Convocation Ceremony of NIFT in New Delhi

Aug 31, 2026 - 20:11
 0  4
निफ्ट के संयुक्त दीक्षांत समारोह में 10 टापर छात्रों को राष्ट्रपति ने दिया गोल्ड मैडल  

-          देशभर के 18 निफ्ट परिसरों के 3,793 विद्यार्थी उत्‍तीर्ण

-          विद्यार्थियों को अपनी जड़ों और हमारी संस्कृति के बुनियादी मूल्यों से दृढ़ता से जुड़े रहते हुए एक वैश्विक दृष्टिकोण बनाए रखना चाहिए: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

नई दिल्ली : भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) के संयुक्त दीक्षांत समारोह में स्नातक, परा स्नातक और पीएचडी करने वाले 3,793 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई| इस मौके पर मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपति मुर्मु ने दस शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड मैडल प्रदान किया| समारोह में देशभर के 18 निफ्ट परिसरों के उत्‍तीर्ण विद्यार्थी एक साथ एकत्रित हुए, जिससे यह अवसर शैक्षणिक उपलब्धियों, सृजनात्मक प्रयासों तथा शिक्षा से पेशेवर जीवन की ओर बढ़ने की यात्रा के सामूहिक उत्सव में बदल गया।

समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि वस्त्र और परिधान क्षेत्र न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है, बल्कि यह लाखों लोगों की आजीविका का आधार भी रहा है। यदि पारंपरिक कारीगरों को उचित सहयोग और मार्गदर्शन मिले, तो इससे उनकी अगली पीढ़ियां गर्व और आत्मविश्वास के साथ इस व्यवसाय से जुड़ी रहने के लिए प्रोत्साहित होंगी। उन्होंने यह जानकर प्रसन्नता व्यक्त की कि निफ्ट के विभिन्न केंद्रों ने अपने-अपने क्षेत्रों के बुनकरों और कारीगरों को वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र की आधुनिक तकनीकों से परिचित कराने तथा उन्हें बाजारों से जोड़ने के लिए क्राफ्ट क्लस्टर इनिशिएटिवजैसी पहलें लागू की हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि आज हमारा देश पहले की तुलना में कहीं अधिक आत्मविश्वास के साथ वैश्विक मंच पर अपनी भूमिका का विस्तार कर रहा है। फैशन प्रौद्योगिकी भी भारत की वैश्विक पहुंच बढ़ाने की अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र है। उन्होंने उत्‍तीर्ण विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस प्रयास में विद्यार्थियों को अपनी जड़ों और हमारी संस्कृति के बुनियादी मूल्यों से दृढ़ता से जुड़े रहते हुए वैश्विक दृष्टिकोण बनाए रखना चाहिए। ऐसा करके वे न केवल सफल पेशेवर बनेंगे, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन में भी योगदान देंगे।

केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और कड़ी मेहनत करने का आग्रह किया, जिससे वे विकसित भारत की अभिन्न प्रेरक शक्ति बन सकें। वस्त्र सचिव श्रीमती नीलम शमी राव ने उत्‍तीर्ण विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनसे निरंतर सीखने और अपने कौशल को निरंतर उन्नत करते रहने तथा इस प्रकार उपलब्ध व्यापक अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

दीक्षांत समारोह के दौरान निफ्ट की महानिदेशक ने उत्‍तीर्ण विद्यार्थियों को शपथ दिलाई और प्रतीकात्मक रूप से स्नातक बैच को डिग्रियां प्रदान कीं।

 

 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow