‘वन हेल्थ’ के लक्ष्य को विशेषज्ञ मिल कर काम करें: राष्ट्रपति मुर्मु
President Droupadi Murmu has called for experts in human medicine, veterinary medicine, and environmental science to work together to achieve the goal of "One Health".
- अटल आयुर्विज्ञान संस्थान एवं डॉ. लोहिया अस्पताल का 12वां दीक्षांत समारोह
नई दिल्ली : भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु आज, 20 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में अटल बिहारी वाजपेयी आयुर्विज्ञान संस्थान एवं डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के 12वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं।
इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि आज वैश्विक स्वास्थ्य के क्षेत्र में 'वन हेल्थ' की अवधारणा का अत्यधिक महत्व है। मनुष्य, पशु, वनस्पति, और पर्यावरण के बीच निरंतर संपर्क के कारण एक क्षेत्र में उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्या दूसरे क्षेत्रों को भी प्रभावित कर सकती है। अनेक संक्रामक रोग पशुओं से मनुष्यों में फैलते हैं, जबकि वायु और जल प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन तथा पर्यावरणीय असंतुलन भी मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौतियां उत्पन्न करते हैं। इसलिए, यह आवश्यक है कि मानव चिकित्सा, पशु चिकित्सा और पर्यावरण विज्ञान के विशेषज्ञ मिलकर काम करें। इस एकीकृत दृष्टिकोण से न केवल रोगों की रोकथाम और समय रहते उनकी पहचान संभव होगी, बल्कि भविष्य में उत्पन्न होने वाले स्वास्थ्य संकटों का सामना करने की हमारी तैयारी भी बेहतर होगी।
राष्ट्रपति ने कहा कि रोग-निरोध और उपचार के लिए सामाजिक, आर्थिक, पोषण संबंधी और पर्यावरणीय स्थितियों को समझना भी आवश्यक है, क्योंकि इनका लोगों के स्वास्थ्य पर सीधा प्रभाव पड़ता है। स्थानीय स्वास्थ्य चुनौतियों और परिस्थितियों के अनुरूप उपचार एवं रोग-निरोधन उपायों पर अनुसंधान को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
राष्ट्रपति ने कहा कि देश की बदलती स्वास्थ्य आवश्यकताओं का आकलन करते हुए केन्द्र सरकार ने वर्ष 2017 में स्वास्थ्य नीति में संशोधन किया था। इस समग्र और समावेशी स्वास्थ्य नीति के अंतर्गत रोगहर समाधानों के साथ-साथ रोग-निरोधक और स्वास्थ्य को बेहतर करने वाली सेवाओं पर अधिक बल दिया गया है। पुनर्वासपरक और प्रशामक स्वास्थ्य देखभाल सुविधा को भी सुदृढ़ किया गया है। देश में मानसिक तनाव, मधुमेह और कैंसर जैसे असंक्रामक रोग जिस तेजी से बढ़ रहे हैं, उनकी रोकथाम से जुड़े अनेक आयामों पर भी विशेष बल दिया जा रहा है।
राष्ट्रपति ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में पिछले एक दशक में भारत सरकार द्वारा की गयी पहलों के दूरगामी प्रभाव हो रहे हैं। इनके फलस्वरूप प्राथमिक से लेकर तृतीयक स्तरों तक की स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार हुआ है।
राष्ट्रपति ने उपाधि प्राप्त करने वाले डॉक्टरों से कहा कि वे अपने अनुसंधान और प्रयासों से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ, सस्ती और जन-केंद्रित बना सकते हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि उनकी विशेषज्ञता का लाभ दूर-दराज के वंचित समुदायों को, देश की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को भी मिलना चाहिए। उनके चिंतन और कार्य ऐसे होने चाहिए जिनसे समाज के वंचित समुदायों तक उनके कौशल का लाभ पहुंच सके।
What's Your Reaction?