आईएफएफआई में 86 देशों की 150 फिल्मों की भागेदारी
57th IFFI opens in Goa with 150 films from 86 countries, celebrating cinema without borders
- 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में देश दुनियाँ के सितारे शामिल
गोवा : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में भव्य उद्घाटन समारोह के साथ 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) का शुभारंभ हुआ। इसने 86 देशों की भागीदारी और 150 से अधिक फिल्मों के साथ चलती-फिरती छवियों के असीम जादू का उत्सव मनाते हुए कहानियों की एक अनूठी दुनिया के द्वार खोल दिए। ‘स्टोरीज़ विदाउट बॉर्डर्स’ विषय से प्रेरित इस संस्करण में सिनेमा की उस असाधारण शक्ति का उत्सव मनाया जा रहा है, जो भौगोलिक सीमाओं से परे जाने, सांस्कृतिक दूरियों को मिटाने और अलग-अलग आवाजों को एक साझा अनुभव में पिरोने में सक्षम है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कहा कि इफ़्फी 22 वर्षों से अधिक समय से गोवा के सांस्कृतिक कैलेंडर का अभिन्न हिस्सा बना हुआ है। यह महोत्सव सीमाओं से परे जाने और विभिन्न संस्कृतियों को एक साथ लाने की सिनेमा की शक्ति का उत्सव मनाता है। महोत्सव के विषय को भारत के शाश्वत दर्शन ‘वसुधैव कुटुंबकम्’—अर्थात् पूरी दुनिया एक परिवार है—से जोड़ते हुए उन्होंने कहा, “सिनेमा हमें विभिन्न संस्कृतियों को अनुभव करने और उस साझा आधार को खोजने का अवसर देता है, जो हमें एकजुट करता है।”
ब्रिक्स सिनेमा खंड में रामायण को शामिल किए जाने को भारत के लिए गर्व का क्षण बताते हुए उन्होंने भारतीय सिनेमा, विशेषकर मराठी, कोंकणी और गोवा की फिल्मों की समृद्धि को प्रदर्शित करने में इफ़्फी की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस पहचान से गोवा के और अधिक युवा फिल्म निर्माण को अपनाने तथा अपनी कहानियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित होंगे।
गोवा को एक संपूर्ण फिल्म निर्माण केंद्र बनाने के अपने विज़न को रेखांकित करते हुए, डॉ. सावंत ने कहा, “हम चाहते हैं कि गोवा एक ऐसा गंतव्य बने, जहां फिल्मों का निर्माण हो और उन्हें अंतिम रूप दिया जाए।” उन्होंने राज्य के फिल्म पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए गोवा फिल्म शूटिंग अधिनियम, 2021, ऑनलाइन एकल-खिड़की मंजूरी प्रणाली और फिल्म निर्माताओं के लिए वित्तीय सहायता योजनाओं को प्रमुख पहल बताया। उन्होंने प्री-प्रोडक्शन, पोस्ट-प्रोडक्शन, वीएफएक्स और फिल्म शिक्षा की सुविधाओं से युक्त एक फिल्म सिटी बनाने के विज़न की भी घोषणा की।
एनीमेशन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और वर्चुअल प्रोडक्शन में तकनीकी प्रगति से उभर रहे अवसरों पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि गोवा का लक्ष्य अपनी युवा रचनात्मक प्रतिभाओं को इस तरह सक्षम बनाना है, जिससे वे विकसित हो रहे वैश्विक फिल्म उद्योग का हिस्सा बन सकें।
‘स्टोरीज़ विदाउट बॉर्डर्स’ विषय पर बोलते हुए, प्रसिद्ध अभिनेता और सांसद रवि किशन ने कहा कि विभिन्न भारतीय भाषाओं और क्षेत्रों की लगभग 700 फिल्मों में काम करने के अपने अनुभव को देखते हुए यह विषय उनके दिल के बेहद करीब है। उन्होंने कहा कि भाषा या भौगोलिक क्षेत्र चाहे जो भी हो, दर्शक सिनेमा के उन्हीं मूल तत्त्वों—सच्चाई, अहसास और एक प्रभावशाली कहानी—से जुड़ते हैं।
उन्होंने कहा, “दुनिया के किसी एक कोने में जन्मी कहानी हजारों मील दूर भी लोगों के दिलों में घर कर सकती है। यही सिनेमा का जादू है।” उन्होंने सीमाओं से परे जाने और साझा मानवीय अनुभवों का सृजन करने की सिनेमा की शक्ति को रेखांकित किया। उन्होंने भारत के जीवंत फिल्म उद्योग को सुदृढ़ करने में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की और कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा फिल्म निर्माण करने वाला देश है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री चंचल कुमार ने सीमाओं से परे जाने तथा विविध संस्कृतियों और दृष्टिकोणों को एकजुट करने की सिनेमा की शक्ति को रेखांकित किया। इफ़्फी के महोत्सव निदेशक श्री आशुतोष गोवारिकर ने ऐसे विरोधाभासी दौर में सिनेमा की एकजुट करने वाली शक्ति पर विचार व्यक्त किए, जहां अत्यधिक संपर्क के चलते अक्सर सांस्कृतिक अलगाव बढ़ जाता है।
उन्होंने कहा, “कहानी उन कुछ चीजों में से एक है, जो बिना पासपोर्ट के इन सीमाओं को पार कर सकती है।” इस विज़न को साकार करने के लिए, इफ़्फी के इस संस्करण में नौ विश्व प्रीमियर, दो अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर, 24 एशियाई प्रीमियर और 116 भारतीय प्रीमियर सहित फिल्मों की एक विस्तृत श्रृंखला प्रस्तुत की जा रही है। राज्यसभा सांसद श्री सदानंद म्हालू शेट तानावड़े; सिओलिम से विधायक एवं एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा की उपाध्यक्ष श्रीमती डेलिला लोबो; गोवा के मुख्य सचिव डॉ. वी. कैंडवेलू; भारतीय राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष श्री जी. कृष्णकुमार; प्रसार भारती के अध्यक्ष श्री प्रसून जोशी; राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के प्रबंध निदेशक श्री धीरज सिंह; और एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री दीपक बांदेकर उपस्थित रहे। फिल्म स्टार कार्तिक आर्यन और साई पल्लवी सहित फिल्मी हस्तियों ने उद्घाटन समारोह की शोभा बढ़ाई। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के जूरी अध्यक्ष श्री आनंद एल. राय और जूरी सदस्यों - श्री बोगदान मुरेशानु, सुश्री सोल बेरुएजो पिचोन-रिविएर, सुश्री मारिया अलेजांद्रा रोजास तथा श्री रत्चापूम बूनबुंचाचोक को उद्घाटन समारोह में सम्मानित किया गया। भारतीय पैनोरमा फीचर फिल्म खंड के अध्यक्ष श्री मधुर भंडारकर और गैर-फीचर फिल्म खंड के अध्यक्ष श्री हिमांशु शेखर खटुआ को भी सम्मानित किया गया।
वैश्विक संगीत प्रस्तुतियों ने उद्घाटन समारोह की भव्यता में चार चांद लगाए
उद्घाटन समारोह में सिनेमा की सार्वभौमिक भाषा का उत्सव मनाते हुए संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की एक श्रृंखला पेश की गई। तीन बार ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार रिकी केज के नेतृत्व में ‘संगीत के माध्यम से सिनेमा की दुनिया’ विषय पर प्रस्तुत सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा दर्शकों को विभिन्न संस्कृतियों और कहानी कहने की परंपराओं की संगीतमय यात्रा पर ले गई। इस प्रस्तुति में भाषाई और भौगोलिक सीमाओं से परे जाने की सिनेमा की क्षमता को रेखांकित किया गया।
उद्घाटन समारोह की शाम को ‘म्यूजिक विदाउट बॉर्डर्स’ नामक एक अंतरराष्ट्रीय संगीत गठजोड़ की प्रस्तुति भी दी गई, जिसमें विभिन्न देशों के संगीतकारों ने संगीत परंपराओं, सद्भाव और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का उत्सव मनाने के लिए भाग लिया। महोत्सव के प्रतिष्ठित मोर प्रतीक को ‘बियॉन्ड द फ्रेम’ नामक एक विशेष नृत्य प्रस्तुति में दर्शाया गया, जिसने नृत्य और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से इफ़्फी के प्रतीक को जीवंत कर दिया।
What's Your Reaction?