इंडिया फूड एक्सपो-2026 के 11वें संस्करण का कर्टन रेज़र
Curtain Raiser of the 11th Edition of India Food Expo 2026
फूड प्रोसेसिंग एवं संबद्ध क्षेत्रों के MSME के लिए ₹750–1,000 करोड़ के संभावित व्यावसायिक अवसर
18–20 सितंबर को लखनऊ में आयोजित होगा तीन दिवसीय इंडिया फूड एक्सपो
लखनऊ, 16 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश में फूड प्रोसेसिंग एवं संबद्ध क्षेत्रों के विकास, MSME उद्यमों को नए बाजारों से जोड़ने तथा खाद्य उद्योग में आधुनिक तकनीक, निवेश और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) द्वारा इंडिया फूड एक्सपो-2026 के 11वें संस्करण का आयोजन 18, 19 एवं 20 सितंबर 2026 को Regalia Greens, 1090 Crossing, Gomti Nagar, Lucknow में किया जा रहा है।
इंडिया फूड एक्सपो खाद्य प्रसंस्करण एवं संबद्ध क्षेत्रों में उद्योग, व्यापार, तकनीक, निवेश और उद्यमिता को एक मंच पर लाने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। इस संस्करण में MSME क्षेत्र के लिए लगभग ₹750–1,000 करोड़ के संभावित व्यावसायिक अवसर सृजित होने की उम्मीद है। एक्सपो का उद्देश्य उद्यमियों को नए व्यापारिक संबंधों, बाजारों, तकनीकी समाधानों, निवेश संभावनाओं और सरकारी सहयोग से जोड़ना है।
विभिन्न राज्यों से उद्यमियों की भागीदारी
इंडिया फूड एक्सपो में उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और पंजाब सहित विभिन्न राज्यों से उद्यमियों एवं प्रतिष्ठित संस्थानों की भागीदारी प्रस्तावित है। इससे खाद्य प्रसंस्करण एवं संबद्ध उद्योगों में अंतरराज्यीय व्यापार, तकनीकी सहयोग, निवेश और बाजार विस्तार के नए अवसर विकसित होंगे।
सरकारी नीतियों, योजनाओं और तकनीकी ज्ञान पर विशेष फोकस
एक्सपो में फूड प्रोसेसिंग एवं संबद्ध क्षेत्रों से जुड़े उद्यमियों के लिए सरकारी नीतियों, सब्सिडी, प्रोत्साहन, योजनाओं, वित्तीय सुविधाओं, तकनीकी समाधानों और बाजार के अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
तीनों दिनों में आयोजित होने वाले सेमिनार, तकनीकी सत्र और ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के माध्यम से उद्यमियों को नई तकनीकों, गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, निर्यात, वैल्यू एडिशन, आधुनिक उत्पादन प्रणाली और व्यवसाय विस्तार जैसे विषयों पर जानकारी प्राप्त होगी।
एक्सपो में फ्रेंचाइज़ी के अवसर, नए व्यवसाय मॉडल, स्थानीय उत्पादों के ब्रांड निर्माण, ODOP एवं ODOC से जुड़ी संभावनाओं तथा सरकारी सहयोग के माध्यम से उद्योग स्थापित करने और विस्तार करने के विकल्पों पर भी चर्चा की जाएगी।
युवाओं एवं महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ना आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य
इंडिया फूड एक्सपो का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य युवाओं, महिलाओं और नई पीढ़ी को उद्यमिता एवं स्वरोजगार के अवसरों से परिचित कराना भी है। एक्सपो में आने वाले आगंतुक यह समझ सकेंगे कि आधुनिक तकनीक, स्थानीय संसाधनों, कौशल और सरकारी योजनाओं के सहयोग से अपना व्यवसाय किस प्रकार स्थापित किया जा सकता है।
यह आयोजन युवाओं एवं महिलाओं को स्वावलंबन, आर्थिक स्वतंत्रता, व्यवसाय निर्माण और रोजगार सृजन की संभावनाओं को समझने का अवसर प्रदान करेगा, जिससे वे स्वयं आगे बढ़ने के साथ-साथ अन्य लोगों की आजीविका में भी योगदान दे सकें।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दिनेश गोयल जी की अपील
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दिनेश गोयल जी ने प्रदेश एवं देश के सभी MSME उद्यमियों, युवाओं और महिलाओं से इंडिया फूड एक्सपो में सक्रिय सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा:
“मैं उत्तर प्रदेश सहित देशभर के सभी MSME उद्यमियों, युवाओं एवं महिलाओं से आग्रह करता हूँ कि वे इंडिया फूड एक्सपो के 11वें संस्करण में अवश्य आएँ और विशेष रूप से फूड प्रोसेसिंग एवं संबद्ध क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश के विकास के इस महत्वपूर्ण अवसर को प्रत्यक्ष रूप से देखें।
यह आयोजन केवल एक एक्सपो नहीं, बल्कि व्यापार एवं उद्योग के विकास, नई तकनीकों को समझने, बाजार के अवसरों की खोज करने और अपना व्यवसाय स्थापित करने की संभावनाओं को जानने का एक महत्वपूर्ण मंच है।
मैं उद्यमियों से अपील करता हूँ कि वे अपने परिवार के युवाओं एवं महिलाओं को भी साथ लेकर आएँ, ताकि वे उद्यमिता, स्वरोजगार, सरकारी सहयोग और व्यवसाय निर्माण के अवसरों को समझ सकें। अपना उद्योग एवं व्यवसाय स्थापित कर आर्थिक रूप से स्वतंत्र जीवन जीना, दूसरों के लिए आजीविका के अवसर पैदा करना तथा प्रदेश और राष्ट्र के विकास में योगदान देना हम सभी का साझा दायित्व है।
What's Your Reaction?