ऑपरेशन सिंदूर : सशस्त्र सेनाओं के अद्वितीय साहस, सटीकता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन
- प्रधानमंत्री ने सशस्त्र बलों की वीरता को दर्शाने वाला संस्कृत सुभाषितम् साझा किया
- गृहमंत्री और रक्षा मंत्री ने भी एक वर्ष पूरे होने पर सशस्त्र बलों को सलाम किया
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत की असाधारण विजय देश के वीर सैनिकों के अद्भुत पराक्रम और देशभक्ति की प्रेरक मिसाल है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक उनके अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और कर्तव्यनिष्ठा की अटूट भावना पर गर्व करता है। प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूरे होने पर सशस्त्र बलों को सलाम किया प्रधानमंत्री ने नागरिकों से सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान के प्रतीक के रूप में सोशल मीडिया डिस्प्ले पिक्चर बदलने का आग्रह किया है|
प्रधानमंत्री ने कहा कि सशस्त्र बलों ने पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर हमला करने की हिम्मत करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया। श्री मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की कड़ी कार्रवाई और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस अभियान ने सशस्त्र बलों की पेशेवर क्षमता, तत्परता और समन्वित शक्ति को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि इससे बलों की एकजुटता प्रदर्शित हुई है और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए भारत के प्रयासों से राष्ट्रीय सुरक्षा को मिली मजबूती का भी पता चलता है। नरेन्द्र मोदी ने दोहराया कि भारत आतंकवाद को हराने और उसे पनपने में मदद करने वाले पूरे तंत्र को नष्ट करने के अपने संकल्प पर हम पहले की तरह ही अडिग हैं। श्री मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सशस्त्र बलों ने अपनी वीरता का प्रदर्शन किया और भारत की जनता पर हमला करने वालों को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय को सशस्त्र बलों पर गर्व है।
सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उनकी सफलता को दर्शाते हुए, प्रधानमंत्री ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी डिस्प्ले पिक्चर को उनके द्वारा साझा की गई तस्वीर से बदल दें।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया:
“एक साल पहले, #ऑपरेशनसिंदूर के दौरान हमारी सशस्त्र सेनाओं ने अद्वितीय साहस, सटीकता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया। उन्होंने पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर हमला करने की हिम्मत करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया। पूरा देश हमारी सेनाओं के शौर्य को सलाम करता है।
ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की कड़ी कार्रवाई और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था। इसने हमारे सशस्त्र बलों की पेशेवर क्षमता, तत्परता और समन्वित शक्ति को भी उजागर किया। साथ ही, इसने हमारे बलों के बीच बढ़ते समन्वय को प्रदर्शित किया और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भारत के प्रयासों से राष्ट्रीय सुरक्षा को मिली मजबूती को रेखांकित किया। आज, एक साल बाद भी, आतंकवाद को हराने और उसे पनपने में मदद करने वाले पूरे तंत्र को समूल नष्ट करने के अपने संकल्प पर हम पहले की तरह ही अडिग हैं।”
प्रधानमंत्री ने संस्कृत का एक सुभाषितम् साझा किया-
“उदीर्णमनसो योधा वाहनानि च भारत।
यस्यां भवन्ति सेनायां ध्रुवं तस्यां जयं वदेत्।। ”
इसका अर्थ है कि जिस सेना में योद्धा उत्साही और उच्च मनोबल वाले हों तथा जिनके पास युद्ध के उत्तम संसाधन हों, निश्चय ही विजय उन्हीं की होती है।
उधर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक वर्ष पूरे होने पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने सशस्त्र बलों के अद्वितीय शौर्य को नमन किया और कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत का एक ऐतिहासिक मिशन है, जो हमारे दुश्मनों को हमेशा हमारे सशस्त्र बलों की अचूक प्रहार क्षमता की याद दिलाता रहेगा। ऑपरेशन सिंदूर भारत का एक युगांतरकारी मिशन है, जो हमारे दुश्मनों को हमारी सशस्त्र सेनाओं की अचूक प्रहार क्षमता की याद हमेशा दिलाता रहेगा। इतिहास इसे एक ऐसे दिन के तौर पर याद रखेगा जब हमारे सशस्त्र बलों की सटीक मारक क्षमता, हमारी एजेंसियों की पैनी खुफिया जानकारी और दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति—ये तीनों एक होकर सीमा पार मौजूद आतंकवाद के हर उस ठिकाने को नेस्तनाबूद करने के लिए उठ खड़े हुए, जिसने पहलगाम में हमारे नागरिकों पर अपना बुरा साया डालने की हिमाकत की थी। यह दिन हमारे दुश्मनों के लिए यह खौफनाक संदेश लेकर आता रहेगा कि वे कहीं भी छिप जाएं, वे बच नहीं सकते। वे हर पल हमारी नज़रों में और हमारी मारक क्षमता के प्रचंड कोप की जद में हैं। इस अवसर पर, मैं हमारी सेनाओं के अद्वितीय शौर्य को नमन करता हूँ।”

