Latest news :

दस प्वाइंट एजेंडे पर काम कर उत्तराखंड का नवनिर्माण करेगा ‘आप’

उत्तराखंड दौरे पर आए ‘आप’ संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज राज्य के चहुंमुखी विकास को लेकर पार्टी का रोडमैप रखा और कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनी तो, 10 प्वाइंट एजेंडे पर काम कर उत्तराखंड का नवनिर्माण किया जाएगा। उत्तराखंड में सबसे बड़ा नासूर भ्रष्टाचार है। भ्रष्टाचार खत्म करना केवल आम आदमी पार्टी को ही आता है। दूसरी पार्टियों को यह नहीं आता और उनकी नीयत भी खराब है। हम सभी को मुफ्त शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाएं, पांच हजार रुपए बेरोजगारी भत्ता व महिलाओं को एक-एक हजार रुपए देने समेत अन्य सुविधाएं देंगे। इससे हर परिवार को हर साल दो लाख और पांच साल में 10 लाख रुपए का फायदा होगा। हमने दिल्ली में करके दिखाया है। ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर हम सात साल में दिल्ली में इतना कुछ कर सकते थे, तो भाजपा और कांग्रेस ने 21 साल में क्या किया? आज उत्तराखंड पर करीब 60 हजार करोड़ रुपए का कर्ज है। यह सारा पैसा इन नेताओं ने लूटा है। दोनों ने केवल अपना घर भरने और एक-दूसरे को बचाने के सिवाय कुछ नहीं किया। उत्तराखंड के लोगों को आज एक ईमानदार विकल्प की जरूरत है और आम आदमी पार्टी वो ईमानदार विकल्प देगी। केजरीवाल ने कहा कि उत्तराखंड को बने लगभग 21 साल हो गए। जिसमें लगभग 10 साल कांग्रेस ने और करीब 11 साल भाजपा ने राज किया। आज उत्तराखंड की जो दुर्दशा है, जाहिर तौर पर उसके लिए यह दोनों पार्टियां ही जिम्मेदार हैं। इन 21 सालों में भ्रष्टाचार को छोड़कर उत्तराखंड के निवासियों ने और कुछ नहीं देखा। अब आने वाले चुनाव में इनमें से किसी भी पार्टी को पांच साल और दे देंगे, तो भी अब कुछ बदलने वाला नहीं है। अगले चुनाव में भी यही मुद्दे होंगे, यही नारे होंगे और यही बातें होंगी, लेकिन कुछ बदलेगा नहीं। उसके मुकाबलें में सात साल से दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है। आम आदमी पार्टी एक नई पार्टी है। पहली बार दिल्ली के लोगों ने मौका दिया और आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के अंदर अभूतपूर्व विकास किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *