Latest news :

यूपी भाजपा : ट्रेन से आएंगे नए प्रदेश अध्यक्ष, स्वागत करेंगे सीएम योगी

लखनऊ 28 अगस्त 2022। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह जी कल 29 अगस्त सोमवार को शताब्दी एक्सप्रेस से चलकर दोपहर 12:30 बजे राजधानी पहुंचेगे। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत व अभिनंदन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरी राजधानी को भगवामय कर दिया है। राजधानी लखनऊ में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत व अभिनंदन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर को जगह-जगह पर होडिंग, बैनर व पार्टी के झंडों से सुसज्जित किया है। नई दिल्ली से शताब्दी एक्सप्रेस से चलकर लखनऊ पहुंचने के दौरान रास्ते में पड़ने वाले स्टेशनों पर भी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत की तैयारियों को अन्तिम रूप दे दिया गया है।

पार्टी के प्रदेश महामंत्री सुब्रत पाठक ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह के स्वागत व पदभार ग्रहण कार्यक्रम को अभूतपूर्व बनाने के लिए पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने महापुरूषों की प्रतिमा स्थलों को सजा दिया है। श्री भूपेन्द्र सिंह के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में राजधानी लखनऊ में प्रथम आगमन पर चारबाग रेलवे स्टेशन से अटल चौक के यात्रा मार्ग को तोरण द्वार व पताकाओं से सुसज्जित किया गया है। यात्रा मार्ग में पार्टी के पदाधिकारी, प्रदेश सरकार के मंत्री, आयोग, निगम बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्य तथा बढी़ संख्या में कार्यकर्ताओं ने  जगह-जगह समूह में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को पुष्प वर्षा व मालाएं पहनाकर ऐतिहासिक स्वागत की तैयारियां की हैं। वहीं पार्टी प्रदेश कार्यालय साज-सज्जा तथा भव्य मंच के साथ नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष की अगवानी के लिए तैयार हो चुका है।

पार्टी प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह राजधानी लखनऊ आगमन पर पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृतिका पर अंत्योदय के प्रणेता को पुष्पार्चन करके पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व शुभचिन्तको के साथ भाजपा राज्य मुख्यालय की ओर बढे़ंगे। मार्ग में महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पार्चन के पश्चात लोकभवन में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर कृतज्ञ नमन करेंगे। इसके पश्चात पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर पुष्पार्चन के साथ नमन करेंगे। यात्रा मार्ग में महारानी अवन्ती बाई की प्रतिमा पर कृतज्ञ नमन करते हुए अटल चौक स्थित भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित करके राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि करेगंे तथा लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पार्चन करते हुए भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सभी महापुरूषों के प्रतिमा स्थलों को पुष्प मालाओं व पताकाओं से सुसज्जित कर दिया हैं। उत्साह, उमंग से सरावोर पार्टी के कार्यकर्ता ढोल, नगाडों़ के साथ पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को ऐतिहासिक बनाकर राजधानी को केसरिया रंग में रंगने को तैयार हैं।

श्री पाठक ने बताया कि पार्टी मुख्यालय पर पार्टी नेताओं, पदाधिकारियो, प्रदेश सरकार के मंत्रियों के साथ कार्यकर्ताओं द्वारा नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के भव्य स्वागत कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य व श्री बृजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह जी सहित केन्द्र सरकार के मंत्री व पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *