Latest news :

साड़ी पहनने पर एंट्री बैन करने वाले रेस्टोरेन्ट को नगर निगम ने किया ‘बैन’

कुछ दिन पहले का किस्सा तो आपको ध्यान ही होगा जब दक्षिण दिल्ली के एक रेस्टोरेन्ट ने एक महिला को केवल इसलिए प्रवेश नहीं दिया था क्योंकि उसने साड़ी पहनी थी। खुद को अल्ट्रा माडर्न घोषित करने वाला रेस्टोरेन्ट दरअसल नियमों की धज्जियां उड़ाकर अवैध रूप से चल रहा था। जिसके बाद दक्षिण दिल्ली नगर निगम ने उक्त   रेस्टोरेंट को फिलहाल बंद कर दिया है। इसकी पुष्टि खुद महापौर मुकेश सूर्यन ने की।

‘अकीला’ नाम का यह रेस्तरां बिना वैध लाइसेंस के चल रहा था। उसको बंद किए जाने का नोटिस जारी किया था. इसके बाद अब वह बंद हो गया है। दिल्ली नगर निगम अधिनियम के तहत रेस्टोरेन्ट पर जुर्माना समेत अन्य कार्रवाई की भी संभावना है। जानकारी के मुताबिक एंड्रूज गंज के अंसल प्लाजा में स्थित अकीला रेस्टोरेंट को बंद करने का नोटिस 24 सितंबर को जारी किया गया था। इसमें कहा गया था कि क्षेत्र के लोक स्वास्थ्य निरीक्षक ने 21 सितंबर को जांच में पाया कि प्रतिष्ठान बिना स्वास्थ्य व्यापार लाइसेंस के अस्वच्छ स्थिति में चल रहा था. इतना ही नहीं, रेस्टोरेंट ने सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा भी किया है। गौरतलब है कि एक फेसबुक पोस्ट में एक महिला ने दावा किया था कि उसे ‘अकीला’ रेस्टोरेंट में केवल इसलिए एंट्री नहीं दी गई, क्‍योंकि वह साड़ी पहने हुई थी. महिला ने रेस्टोरेंट के कर्मचारियों के साथ हुई नोकझोंक का वीडियो भी पोस्ट किया था। अब ये रेस्टोरेन्ट को फिलहाल बंद किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *