Latest news :

सबसे बड़े राम भक्त थे रामायण के “रावण” अरविंद त्रिवेदी

80 के दशक में दूरदर्शन में दिखाए जाने वाले धारावाहिक रामायण में रावण की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अरविंद त्रिवेदी एक सच्चे राम भक्त थे। अरविंद त्रिवेदी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आत्मीय संबंध थे। उनके निधन पर पीएम ने अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है कि हमने श्री अरविंद त्रिवेदी को खो दिया है, जो न केवल एक असाधारण अभिनेता थे, बल्कि जनसेवा के प्रति जुनूनी भी थे. भारत की पीढ़ियों के लिए, उन्हें रामायण टीवी सीरियल में उनके काम के लिए याद किया जाएगा।

टीवी स्क्रीन पर भले ही वह राम से युद्ध करते दिखाई दिए पर असल जीवन में अरविंद त्रिवेदी राम के परम भक्त थे। उन्होंने खुद बताया था कि सीरियल में जब वह राम के खिलाफ कड़े शब्दों का प्रयोग करते थे तो बाद में भगवान से माफी मांगते थे। पिछले साल कोरोना लॉकडाउन में जब टीवी पर रामायण सीरियल फिर से प्रसारित होने लगा तो टीवी चैनलों पर उनकी तस्वीरें भी सामने आईं। वह टीवी पर रामायण देखते दिखाई दिए।

जितनी बार भगवान राम की भूमिका में अरुण गोविल स्क्रीन पर दिखाई देते, अरविंद दोनों हाथों को जोड़ कर प्रणाम कर लेते। इस सदी में जन्मी पीढ़ी को शायद यह जानकर ताज्जुब हो कि उस समय टीवी के सामने बैठे लोग भी भगवान राम की भूमिका में अरुण गोविल को देख हाथ जोड़ लेते थे, पूजा होती थी और जयकारे लग जाते थे। पिछले साल मीडिया से बातचीत में परिवार के लोगों ने बताया था कि बुजुर्ग अरविंद त्रिवेदी का ज्यादातर समय भगवान की भक्ति में बीत रहा था।

सिनेमा के साथ-साथ उनका राजनीति से भी जुड़ाव रहा। लोकप्रियता चरम पर थी जब उन्होंने बीजेपी के टिकट पर साल 1991 में गुजरात की साबरकांठा सीट से चुनाव लड़ा और विजयी भी हुए। वह 1991 से 1996 तक लोकसभा के सांसद रहे।

उनके निधन पर टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। फिल्म और टीवी जगत की हस्तियों ने अभिनेता को श्रद्धांजलि दी है। जिनमें अभिनेता अरुण गोविल,  दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी  जैसे कलाकार शामिल हैं।   रामायण में राम की भूमिका निभाकर घर-घर में मशहूर हुए अरुण गोविल ने अपने प्रिय को-स्टार अरविंद त्रिवेदी को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- आध्यात्मिक रूप से रामावतार का कारण और सांसारिक रूप से एक बहुत ही नेक, धार्मिक, सरल स्वभावी इंसान और मेरे अतिप्रिय मित्र अरविंद त्रिवेदी जी को आज मानव समाज ने खो दिया।  नि:संदेह वे सीधे परमधाम जाएंगे और भगवान श्रीराम का सानिध्य पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *