Latest news :

पीके कराएंगे कांग्रेस का विपक्ष से गठबंधन

राकंपा प्रमुख शरद पवार से दो बार मुलाकात कर 2024 लोकसभा चुनाव में विपक्ष को एकजुट करने में जुटे चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर इन दिनों गांधी परिवार के संपर्क में हैं। कहा जा रहा है कि पवार के घर पर हुई बैठक में पूर्व बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा की अगुवाई में तीसरे मोर्चे को लेकर चर्चा हुई थी। हालांकि, तब कांग्रेस बैठक से गायब रही थी। वहीं पीके ने राजधानी दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी मुलाकात कर एकबार फिर विपक्षी गठबंधन को हवा दे दी है।

सूत्रों के हवाले से बताया गया कि, मंगलवार शाम कांग्रेस सासंद के घर एक बैठक आयोजित हुई थी, जिसमें प्रशांत किशोर पहुंचे थे। माना जा रहा है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी इस मीटिंग में शामिल हुए थे। खबर है कि इस दौरान सोनिया गांधी भी वर्चुअली बैठक में शामिल हुई थीं। अब कहा जा रहा है कि किशोर 2024 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं।

हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब किशोर ने गांधी परिवार से मुलाकात की है। इससे पहले वे उत्तर प्रदेश के 2017 के चुनाव में साथ आ चुके हैं। उस दौरान पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। गठबंधन कर चुनाव लड़ रही कांग्रेस-समाजवादी पार्टी को हराकर बीजेपी ने सत्ता हासिल की थी। तब किशोर ने खुलकर कांग्रेस के काम करने के तरीके पर असंतोष जाहिर किया था। अब इस बैठक के बाद इस संभावना को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि किशोर एक बार फिर पार्टी के साथ काम करने के लिए तैयार हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *