Latest news :

अफगानिस्तान के युवा फुटबालर की दर्दनाक दास्तां : अमेरिकी वायुसेना से जहाज से गिरकर हुई एक सपने की मौत

काबुल पर तालिबान ने कब्जे के बाद कुछ ऐसी तस्वीरें आईं, जिनको देखकर पूरी दुनियाँ कांप गई। एयरपोर्ट पर हजारों लोग एक लोग अमेरिकी वायुसेना के जहाज के साथ-साथ रनवे पर भाग रहे थे। कुछ लोग इस पर लटकने की कोशिश भी कर रहे थे। इसके बाद आसमान से गिरते हुए आदमी और दर्दनाक मौत का मंजर किसने नहीं देखा होगा और आँख से आँसू निकले होंगे। अब अफगानिस्तान के शारीरिक शिक्षा और खेल महानिदेशालय ने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए इसी हादसे में एक युवा फुटबालर की मौत की पुष्टि की है।

19 साल के फुटबालर जकी अनवारी भी अमेरिकी वायुसेना के जहाज से गिरकर मारे गए। जकी ने सोचा नहीं था कि उसके साथ ऐसा होगा। वह फुटबॉल की दुनिया में नाम कमाना चाहता था। उसके टी-शर्ट पर 10 नंबर लिखा हुआ था। वही जो दुनिया के बड़े फुटबॉलर्स की शर्ट पर होता है। माराडोना की टी-शर्ट पर यह नंबर था और लियोनल मेसी बार्सिलोना में इसी नंबर के साथ खेलते रहे हैं। शायद मेसी का फैन रहा होगा जकी। हो सकता है उसकी आंखों ने कभी मेसी के साथ खेलने का ख्वाब देखा हो। अपने देश का झंडा दुनिया के मंच पर लहराना चाहता था। लेकिन सब खत्म हो गया। बंदूक के दम पर हासिल किए राज ने हजारों लोगों की तरह उसके सपनों को भी तोड़ दिया।

अनवारी के सपने अधूरे रह गए। 19 साल का वह लड़का बड़ा खिलाड़ी बन सकता था। उसके चेहरे को देखिए एक मासूमियत नजर आती है। एक जज्बा नजर आता है। कुछ करने की चाह नजर आती है। पर कट्टरपंथ को ख्वाब नहीं सुहाते। शायद इसी वजह से वह अफगानिस्तान से निकलना चाहता होगा। डर और खौफ का आलम यह कि जहाज के अंदर नहीं जा पाया तो बाहर लटकने को मजबूर हो गया। जानता तो होगा कि यह खतरनाक है। पर शायद उसे उस मुल्क में रहना ज्यादा खतरनाक लग रहा होगा। तभी तो उसने यह जोखिम मोल लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *