Latest news :

हिन्दू गौरव दिवस मनाकर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रधांजली

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय कल्याण सिंह जी की द्वितीय पुण्यतिथि पर अलीगढ़ में आयोजित हिन्दू गौरव दिवस में सम्मिलित होकर श्रद्धेय बाबू जी को कृतज्ञ श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने अलीगढ़ में आयोजित हिन्दू गौरव दिवस कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि जननेता, प्रखर राष्ट्रवादी चिन्तक, करोड़ो कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत, श्रीरामभूमि आन्दोलन के अग्रणी नायक एवं सुशासन के संवाहक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय कल्याण सिंह ‘बाबू जी‘ की पुण्यतिथि पर कृतज्ञ नमन करता हूं। श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली है कि हमें श्रद्धेय कल्याण सिंह जी के नेतृत्व में एक कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि बाबू जी को संगठनात्मक कौशल की पाठशाला कहा जा सकता है। जिन्होंने संगठन शिल्पी के रूप में संगठन को गढ़ने का काम भी किया और संगठन को आगे बढ़ाने का भी काम किया। मुख्यमंत्री के रूप में उनके द्वारा राजनैतिक दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ लिए गए साहसिक निर्णय आज भी प्रेरक है। श्रीरामजन्मभूमि आन्दोलन के अग्रणी नायक के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने समय की शिला पर इतिहास सृजन कर दिया। श्री चौधरी ने कहा कि श्रद्धेय बाबू जी का संघर्ष, व्यक्तित्व, राजनैतिक व संगठनात्मक कौशल सदैव हमें प्रेरित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *